कदौरा। जुआ की सूचना पर छापा मारने गई यूपी 100 पुलिस कर्मियों से जुआड़ियों की तीखी झड़प हो गई। जुआड़ियों की संख्या ज्यादा होने पर 100 प्रभारी ने इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी। सूचना पर थानाध्यक्ष भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस एक आरोपी को पकड़ कर थाने ले आई, जबकि अन्य जुआरी मौके से भाग गए।
शनिवार की रात को थाना क्षेत्र के ग्राम बबीना में मुखबिर ने यूपी 100 में सूचना दी, कि एक दर्जन जुआड़ी बाजी लगा रहे है और आती जाती महिलाओं के साथ बदतमीजी कर रहे है। यूपी 100 पुलिस मौके पर पहुंचे और जुआड़ियों को पकड़ने का प्रयास किया, तो जुआड़ी पुलिस कर्मियों से भिड़ गए और गाली गलौज करने लगे। मामला बात विवाद से शुरू होकर हाथापाई तक पहुंच गया। पुलिस कर्मियों ने अपने को फंसता देख, कंट्रोल रूम में सूचना दी। वायरलेस द्वारा सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन फानन में थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार सिंह फोर्स के साथ बबीना पहुंच गए। पुलिस को देख जुआड़ी अंधेरे का लाभ उठाकर भाग गए। पुलिस ने एक जुआरी लल्ला यादव को मौके से पकड़ लिया और थाने ले आई। थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि एक जुआरी को पकड़ा गया है अन्य की तलाश की जा रही है।