सहार (औरैया)। बेला थाना क्षेत्र के पुरवा दानशाह में गुरुवार को सुबह मां शेरावाली मंदिर के सामने पड़े टीन शेड व खोखा हटाने के विवाद में दो पक्षों में संघर्ष हो गया। लाठी-डंडे और सरियों से हमले में आठ घायल हो गए। एक पक्ष ने लाइसेंसी बंदूक से फायर भी किया। झगड़े की सूचना मिलने पर एसडीएम बिधूना रमापति और सीओ बिधूना लालता प्रसाद शुक्ला भी मौके पर पहुंचे।
पुरवा दानशाह में अवधेश वर्मा व रिंकू शर्मा के बीच मां शेरावाली मंदिर की जमीन को लेकर मुकदमेबाजी हो चुकी है। मंदिर के बाहर अवधेश वर्मा पुत्र नत्थू वर्मा के रखे टीन के खोखे को पिछले दिनों अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत हटवा दिया गया था। तभी से खोखा और मंदिर में लगा टीन शेड दोनों ही मंदिर के सामने पड़ा है।
गुरुवार को सुबह दूसरे पक्ष के रिंकू शर्मा मंदिर में पूजन करने पहुंचे और वहां टीन शेड व खोखा पड़े होने पर एतराज जताया।
इसी बीच अवधेश वर्मा, उसका भाई जसकरन वर्मा, अवधेश के पुत्र कुलदीप वर्मा व प्रदीप वर्मा वहां पहुंच गए। तब तक रिंकू शर्मा के रिश्ते में भाई श्यामू वर्मा व शिवकांत शर्मा भी आ गए। दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद जमकर लाठी-डंडे व सरिया चली। एक पक्ष ने अपनी लाइसेंसी बंदूक दो फायर भी किए।
सूचना मिलने पर बेला एसओ बृजेश भार्गव, सहायल एसओ सुमेंद्र सिंह, बिधूना सीओ लालता प्रसाद शुक्ला फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने अवधेश वर्मा की लाइसेंसी बंदूक बरामद कर ली है। झगड़े में अवधेश वर्मा, जसकरन वर्मा, कुलदीप वर्मा, प्रदीप वर्मा व अवधेश वर्मा की मां अनारकली और दूसरे पक्ष से रिंकू शर्मा पुत्र रामऔतार शर्मा, श्यामू शर्मा, शिवकांत शर्मा घायल हैं।
सभी घायलों को सीएचसी सहार में भर्ती कराया। वहां से जसकरन वर्मा, अनारकली व दूसरे पक्ष से रिंकू शर्मा व श्यामू शर्मा को सौ शय्या अस्पताल चिचौली में भर्ती कराया है। चिचौली अस्पताल से अनारकली को सैफई रेफर कर दिया गया है। बेला एसओ बृजेश भार्गव का कहना है कि दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। फिलहाल माहौल शांतिपूर्ण है।