शिवराजपुर (बिल्हौर)। थाना क्षेत्र के चकाबाका गांव के सामने गुरुवार की देर रात छुट्टा पशुओं को गोशाला ले जा रहे दो युवकों को एक संगठन के लोगों ने जमकर पीटा। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह दोनों युवकों को भीड़ से छुड़ाया और थाने ले आई। दोनों युवकों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
शिवराजपुर क्षेत्र के काकूपुर सीताराम गांव निवासी दो युवक गुरुवार देररात गोवंशों को लेकर उधौनिवादा गांव में बने गोशाला जा रहे थे। इसी बीच किसी ने गोवंश ले जाने की सूचना एक संगठन के पदाधिकारियों को दे दी कि कुछ पशु तस्कर गोकशी के लिए बड़ी संख्या में पशु लिए जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही उक्त संगइन के कई पदाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर गोवंश लिए जा रहे दोनों युवकों को पकड़ लिया। इसके बाद जमकर पिटाई की। गोवंश ले जा रहे युवकों ने पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
शिवराजपुर एसओ शेष नारायण पांडे का कहना है कि पूछताछ में दोनों युवकों ने काकूपुर सीताराम गांव निवासी बताया है। खेतों की फसल नष्ट कर रहे छुट्टा पशुओं को यह लोग उधौ निवादा गांव स्थित गोशाला लेकर जा रहे थे। पूरे मामले की जांच की जा रही है यदि इनका उद्देश्य गलत था तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।