रूरा (कानपुर देहात)। थाना क्षेत्र के गांव मुरलीपुर से होली वाले दिन से पूर्व लापता युवक का शव शुक्रवार शाम को गांव के बाहर झाड़ियों में मिला। शव छत-विक्षत होने पर परिजनों के कपड़ों से शिनाख्त की है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मुरलीपुर गांव के रहने वाले किसान लोकेंद्र सेंगर का बेटा कपिल सिंह (21) होली के दिन 29 मार्च को लापता हो गया था। परिजन तलाश कर रहे थे। शुक्रवार देर शाम लोकेंद्र के छोटे भाई देवेंद्र खेत पर गए थे। उनके साथ पालतू कुत्ता भी था। कुत्ता बबूल की झाड़ियों की तरफ गया तो पीछे से लोकेंद्र भी गए। वहां औधें मुंह शव पड़ा देख सन्न रह गए। कपड़ों से भतीजे कपिल का शव होने की आशंका पर उन्होंने परिजनों को अवगत कराया। लोकेंद्र व अन्य परिजन ग्रामीणों के साथ पहुंचे। छोटा भाई निखिल व अखिल शव देख दहाड़े मार कर रोने लगे तो मौजूद हर किसी की आंखें नम हो गईं। परिजनों ने शव की शिनाख्त की। सूचना पर पुलिस पहुंची। थानाध्यक्ष प्रभात सिंह ने बताया कि शव कई दिन पुराना और क्षत विक्षत स्थिति में है। होली वाले दिन दोपहर बाद युवक घर से निकला था। वह घर नहीं पहुंचा। परिजन थाने में गुमशुदगी दर्ज कराने नहीं आए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नशा करने लगा था कपिल
रूरा। कपिल का शव मिलने के बाद पुलिस की पड़ताल में यह बात सामने आई है कि वह नशा करने लगा था। आशंका है कि होली पर नशा करने के लिए वह खेतों की तरफ आ गया हो। प्रारंभिक जांच में पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। मृतक के पिता लोकेंद्र सेंगर ने पुलिस को बताया कि कई दिन खोजबीन के बाद बेटा नहीं मिला तो 31 मार्च को रसूलाबाद थाने गए थे। वहां से रूरा थाना में शिकायत करने को कहा गया।