सरवनखेड़ा (कानपुर देहात) गजनेर थाना क्षेत्र के कीरतपुर गांव के बाहर स्थित दुर्गा मंदिर में किसी शरारती तत्व ने मूर्तियां तोड़ दी। साथ ही उन्हें मंदिर से बाहर निकाल कर फेंक दिया। रविवार को जानकारी पर भारी भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। मंदिर के संरक्षक मूर्तियों को विसर्जित करने के लिए ले गए। उन्होंने कोई तहरीर नहीं दी।
कीरतपुर गांव निवासी राधेश्याम शुक्ला के खेतों में दुर्गा मंदिर है। मंदिर में मां दुर्गा के साथ भैरव बाबा की मूर्तियां प्राण प्रतिष्ठित हैं। राधेश्याम रनियां मकान बनाकर परिवार सहित रहते हैं। रविवार दोपहर मंदिर पहुंचे तो वहां मूर्तियां बाहर टूटी पड़ी थीं। जानकारी ग्रामीणों को हुई तो मौके पर भीड़ लग गई। राधेश्याम शुक्ला ने गंगा में विसर्जित करने की बात कहकर मूर्तियां लेकर चले गए। प्रभारी निरीक्षक गंगा सिंह ने बताया कि सूचना मिली है। जांच करने के लिए पुलिस भेजी गई है। किसी शरारती तत्व ने माहौल खराब करने की कोशिश की है। उसे चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी। मंदिर के संरक्षक की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है। संवाद