कानपुर देहात। फर्जी सिम रखने के मामले में बिकरू कांड की आरोपी खुशी की सुनवाई अब किशोर न्याय बोर्ड में होगी। बुधवार को उसकी पत्रावली एंटी डकैती कोर्ट से किशोर न्याय बोर्ड भेज दी गई। मामले की सुनवाई की अगली तारीख 18 जनवरी तय की गई है।
बिकरू कांड में आरोपी बनाई गई नाबालिग खुशी पर फर्जी आईडी से सिम रखने का आरोप है। एसआईटी की जांच के बाद बिकरू कांड से जुड़े आरोपियों की जांच कराई गई थी। शस्त्र लाइसेंस लेने में आपराधिक इतिहास छिपाने के लिए फर्जी शपथ पत्र देने व दूसरे की आईडी से सिम खरीद कर इस्तेमाल करने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। खुशी पर फर्जी आईडी से सिम रखने का आरोप लगाया गया, जबकि खुशी के अधिवक्ता शिवाकांत दीक्षित ने कोर्ट में साक्ष्य देकर बताया कि खुशी अपने मां गायत्री के नाम सिम का इस्तेमाल कर रही थी। मामले की सुनवाई एंटी डकैती कोर्ट में चल रही थी।
बुधवार को कोर्ट ने खुशी के नाबालिग होने से फर्जी सिम के मामले की सुनवाई के लिए पत्रावली किशोर न्याय बोर्ड भेज दी। खुशी के अधिवक्ता शिवाकांत दीक्षित ने बताया कि फर्जी सिम के मामले में खुशी की सुनवाई किशोर न्याय बोर्ड में होगी। वहीं अन्य मामलों की सुनवाई बाल न्यायालय होगी।