रसूलाबाद (कानपुर देहात)। शुक्रवार की रात थाना क्षेत्र के नौ जगहों पर चोरों ने चोरी की घटनाओं का अंजाम दिया। मंदिर के घंटा व दानपात्र समेत नगदी पार कर दी, जबकि मलखानपुर गांव के एक घर के बाहर बंधी दो भैंस पार ले गए। शनिवार को घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। फिलहाल पुलिस ने एक भी घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
पहली चोरी की घटना रसूलाबाद थाना क्षेत्र के असालतगंज बस्ती के बाहर खेरे पर स्थित द्रोणेश्वर शिव मंदिर शिव मंदिर में हुई। यहां रहने वाले बाबा के कमरे को चोरों ने बाहर से बंद कर दिया। मंदिर से घंटा व दानपात्र का ताला तोड़कर नगदी पार कर दी। दूसरी घटना में, उपाध्याय निवादा निवासी संतू और सोनू के घर के बाहर बंधे बकरों को चोर पार कर ले गए। इसके बाद चोरों ने असालतगंज का मजरा दीक्षित निवादा निवासी रामकुमार, हनुमान नगर के रामकुमार, असालतगंज के शकील, श्रीराम, बनवारी की अलग-अलग जगहों पर रखी गुमटी से नगदी व सामान पार कर दिया। वहीं मलखानपुर गांव निवासी नीतू के घर के एक कमरे में दो भैंस व एक पड़वा बंधा था।
शुक्रवार रात चोरों ने दरवाजे की जंजीर काटकर अंदर बंधी दो भैंस ले गए। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने घटनास्थल पर जाकर छानबीन शुरू कर दी है। नीतू ने एक युवक पर चोरी करने का शक जताया है। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। थाना प्रभारी शशि भूषण मिश्रा ने बताया कि चोरी की घटनाओं की तहरीर नहीं मिली है। चौकी प्रभारी असालतगंज को कार्रवाई निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस गश्त की खुली पोल
दो दिन में चार चोरी की घटनाओं से रसूलाबाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ताबड़तोड़ हुई चोरी की घटनाओं से लोग डरे हैं। इन घटनाओं के बाद पुलिस गश्त की पोल खुल गई। जबकि एसपी केके चौधरी लगातार रात में पुलिस गस्त बढ़ाए जाने के निर्देश दे रहे हैं। इसके बाद भी चोरी की घटना बढ़ती जा रही हैं।