संदलपुर (कानपुर देहात)। रूरा कस्बे के हसनापुर गांव की दो सगी बहनों ने फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत कर 1.36 लाख रुपये फीस प्रतिपूर्ति के नाम पर हड़प लिए। मामले में पति ने कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने जांच शुरू की है।
जनपद इटावा के नगला पछाए निवासी जमुना प्रसाद रनोली बड़ोदरा में स्टेशन अधीक्षक के पद पर तैनात हैं। उनकी शादी 2003 में शिव कांति निवासी हसनापुर, रूरा से संपन्न हुई थी। विवाह के कुछ दिन बाद पत्नी शिव कांति अपने मायके चली गई। उनके दो बेटियां हैं और पत्नी से तलाक का मामला न्यायालय मेें विचाराधीन है। जमुना प्रसाद ने बताया कि पत्नी व साली रमाकांती ने डिलवल गांव के एक महाविद्यालय से बीएड किया है। आरोप है कि दोनों ने पिता के घर का निवास प्रमाण पत्र व अन्य कूट रचित दस्तावेज बनवाकर शुल्क प्रतिपूर्ति के 68-68 हजार समेत कुल 1.36 लाख रुपये गलत तरीके से हड़प लिए। साथ ही फर्जी अंक पत्र बनवा कर दोनों बेटियों को केंद्रीय विद्यालय में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा दिलाई। आरोप है कि पत्नी व साली फर्जी दस्तावेज के सहारे अन्य सरकारी योजनाओं का भी लाभ ले रही हैं। मामले में कोर्ट ने पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई के आदेश दिए। थाना प्रभारी मंगलपुर आमोद सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर फर्जी दस्तावेज बनाने के आरोप में दो महिलाओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।