संदलपुर (कानपुर देहात)। तीन दिन से लापता युवक का शव रविवार को संदिग्ध हालात में पेड़ से लटका मिला। सीओ डेरापुर मौके पर पहुंचे। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया। घटना की छानबीन के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। युवक पिता के साथ खेती में मदद करता था।
थाना मंगलपुर के रायपुर गांव निवासी सुखवासी का बेटा महेंद्र पाल सिंह उर्फ रवी बाजरा भरने के लिए छह नवंबर की शाम को गांव के श्रीकांत शुक्ला के घर बोरे लेने गया था। इसके बाद वापस घर नहीं पहुंचा। काफी खोजबीन के बाद उसका पता न चलने पर परिजनों ने जानकारी पुलिस को दी। रविवार की सुबह परिजन महेंद्र की तलाश करने निकले। तभी गांव के श्याम नरेश ने उसका शव नैपलापुर के राजेश कुमार के खेत में लगे पेड़ पर फंदे से लटके होने की जानकारी दी। जानकारी पाकर पिता सहित अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। महेंद्र का शव देख परिजनों में कोहराम मच गया।
वहीं सूचना के बाद सीओ डेरापुर आशापाल सिंह, थाना प्रभारी आमोद कुमार सिंह व पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सीओ के निर्देश पर फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पिता ने बेटे की हत्या का आरोप लगाया है। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
सुखवासी ने बताया कि बेटा उसकी खेती बाड़ी में मदद करता था। दो माह पहले महेंद्र की पत्नी सुशीला ने पौत्र को जन्म दिया था। रविवार को अनहोनी का पता चला। दो माह के मासूम के सिर से पिता का साया उठने पर परिजन बेहाल दिखे। पत्नी, मां अतरश्री, बहन तारा देवी, भाई महिपाल, किशन पाल का रो रोकर बुरा हाल हो गया।