कानपुर देहात। अकबरपुर तहसील में एसडीएम कोर्ट में पंजाब के रहने वाले चालक व क्लीनर की जमानत कराने में फर्जीवाड़ा करने पर एक अधिवक्ता के मुंशी समेत दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। इनके विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। चालक व परिचालक के खिलाफ टोल में विवाद करने पर शांतिभंग की कार्रवाई की गई थी।
बारा टोल प्लाजा पर गुरुवार को अमृतसर, पंजाब के रहने वाले ट्रक चालक मिलकियत व क्लीनर कुलविंदर से टोल कर्मियों से विवाद हो गया। पुलिस ने चालक व क्लीनर के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई कर एसडीएम आनंद कुमार सिंह की कोर्ट में पेश किया। वहां उनकी जमानत के लिए एक अधिवक्ता के मुंशी ने मड़वाई के हनीफ व आघू कमालपुर के मुंशीलाल को लोगों को बुलाया था।
कोर्ट में जमानती प्रार्थना पत्र दाखिल करने पर जमानत लेने वालों से चालक व क्लीनर को जानने के बाबत पूछताछ हुई। वह कुछ बता नहीं सके। कोर्ट से ही मुंशीलाल भाग गया। हनीफ व अधिवक्ता के मुंशी अजय कुमार ने भी भागने की कोशिश की। गार्ड ने उन्हें पकड़ लिया। फर्जी ढंग से जमानत लेने के आरोप में हिरासत में लेकर दोनों को कोतवाली अकबरपुर भेज दिया गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि फर्जी ढंग से जमानत लेने पर दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। तहरीर मिलने पर दोनों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।