पुलिस गिरफ्त में बाउंड्री वाल गिराने के आरोपी।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। सरवनखेड़ा ब्लाक के करसा गांव में निर्माणाधीन अंत्येष्टि स्थल की बाउंड्रीवाल गिराने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया। तीनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
करसा गांव में अंत्येष्टि स्थल के निर्माणाधीन बाउंड्रीवाल को एक सप्ताह पहले गिरा दिया गया था। सीडीओ जोगिंदर सिंह ने एसडीएम अकबरपुर व गजनेर पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। शुक्रवार को गांव पहुंचे एसडीएम आनंद कुमार सिंह ने निरीक्षण कर पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस ने गांव के ही धर्मेंद्र सिंह, शिवपंत उर्फ छुन्नू व श्रीकांत पासवान को गिरफ्तार किया।
ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि हर निर्माण कार्य में यह लोग विरोध करते हैं। पुलिस ने इन्हें एसडीएम अकबरपुर की कोर्ट में पेश किया। इंस्पेक्टर आलोक कुमार ने बताया कि कोर्ट ने तीनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।