कानपुर देहात। रूरा कस्बे के मिश्रा मार्केट में आधार कार्ड सेंटर चलाने वाले अनुदेशक पर सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग व अवैध वसूली की रिपोर्ट दर्ज की गई है। इसके साथ ही उसकी सेवा समाप्त कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आधार कार्ड बनाने के नाम पर अवैध वसूली कर रहा था। उसे परिषदीय स्कूलों के बच्चों व उनके अभिभावकों के आधार कार्ड बनाने के लिए सरकारी उपकरण दिए गए थे। जिसका वह गलत तरीके से इस्तेमाल कर रहा था।
डेरापुर कस्बे के कपासी खुर्द उच्च प्राथमिक विद्यालय में अनुदेशक सूर्यभान सिंह को परिषदीय स्कूलों के बच्चों व उनके अभिभावकों के निशुल्क आधार कार्ड बनाने की जिम्मेदारी दी गई थी। बेसिक शिक्षा विभाग की तरफ से उसे लॉग इन आईडी, कंप्यूटर, प्रिंटर, फिंगर स्कैनर आदि उपलब्ध कराए गए थे। उसे बीआरसी में इन उपकरणों को रखकर निशुल्क आधार कार्ड बनाना था। साथ ही मंडल स्तर पर उसे आधार कार्ड बनाने वाले सेंटरों की मानीटरिंग की जिम्मेदारी दी गई थी।
लेकिन वह जिम्मेदारों की अनदेखी से सरकारी उपकरणों को रूरा कस्बा में रखकर आधार कार्ड सेंटर चला रहा था। कार्ड बनाने के नाम पर लोगों से अवैध वसूली कर रहा था। इसकी शिकायत डीएम डॉ. दिनेश चंद्र को मिली थी। उन्होंने बुधवार को एसडीएम आनंद कुमार सिंह व बीएसए सुनील दत्त को भेजा था। एसडीएम ने उपकरण जब्त कर नगर पंचायत के सुपुर्द कर दिया था। साथ ही दुकान को सीज कर दिया गया है।
बीएसए सुनील दत्त ने बताया कि बीईओ डेरापुर उदयनारान की तरफ से अनुदेशक पर सरकारी आईडी व उपकरण का दुरुपयोग करने व अवैध वसूली की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। उसकी सेवा समाप्त करने की कार्रवाई की जा रही है। इंस्पेक्टर विद्यासागर सिंह ने बताया कि खंड शिक्षा अधिकारी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।