दुकान के सीसीटीवी के काटे गए तार।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। अकबरपुर में ब्लाक रोड पर स्थित खाद, बीज की दुकान का शनिवार की रात ताला तोड़कर चोर करीब पांच लाख रुपये ले गए। रविवार की सुबह ताला टूटा मिलने पर घटना की जानकारी हो सकी। घटना से पहले चोरों ने दुकान के सीसीटीवी कैमरे के तार काट दिए। हालांकि दुकान के अंदर लगे एक और सीसीटीवी पर उनकी नजर नहीं गई, इससे घटना कैमरे में कैद हो गई। दुकानदार की तहरीर पर पुलिस ने छानबीन शुरू की।
ब्लॉक रोड पर पर रहने वाले तेज बहादुर कुशवाहा ने पुलिस को बताया कि मकान के नीचे हिस्से में खाद, बीज व कीटनाशक की सफल इंटरप्राइजेज के नाम से दुकान है। वह 14 अगस्त की शाम दुकान बंद कर ऊपर मकान में चला गया। 15 अगस्त की सुबह नीचे आए तो दुकान का ताले टूटे पड़े थे। साथ ही शटर खुला हुआ था। उसने सबसे पहले काउंटर में जाकर देखा तो गुल्लक गायब थी। गुल्लक में बिक्री के पांच लाख रुपये रखे थे। चोर रुपये व कुछ कागजात ले गए।
कुछ कागजात दुकान के बाहर जला दिए। चोरी करने से पहले दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे के चारों तार काट दिए थे। सुबह दुकानदार ने सबसे पहले यूपी 112 पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने छानबीन के बाद अकबरपुर कोतवाली पुलिस को बुलाया। कोतवाल तुलसीराम पांडेय ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।
घटना से पहले की थी रेकी, कैमरे में कैद चोर
खाद, बीज की दुकान में चोरी की घटना से पहले एक युवक ने रेकी की थी। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में युवक की तस्वीर कैद है। वहीं घटना से पहले दुकान के बाहर लगे एक सीसीटीवी के तार काट दिए, जबकि दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी पर उनकी नजर नहीं पड़ी। इससे पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई। दुकान के शटर का ताला तोड़ने के बाद मुंह में गमछा लपेटे दो युवक दुकान के अंदर दाखिल होते और कुछ देर बाद गुल्लक लेकर निकलते दिखाई पड़ते हैं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज लेकर छानबीन शुरू कर दी।