कानपुर देहात/रसूलाबाद। अनामिका शुक्ला के नाम से नौकरी करने में पकड़ी गई बबली यादव ने कई खुलासे किए हैं। उसकी चचेरी देवरानी बनारस के कस्तूरबा विद्यालय में राजाबेटी के नाम से नौकरी कर रही है। उसके कई सगे संबंधियों के नाम फर्जीवाड़े में सामने आ रहे हैं।
अलीगढ़ के कस्तूरबा विद्यालय में अनामिका शुक्ला के नाम नौकरी करने वाली रसूलाबाद के चंदनपुरवा की बबली यादव की गिरफ्तारी के बाद अलीगढ़ पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल हुई हैं। अब जिले में और ऐसे नाम सामने आ रहे हैं जो दूसरे के नामों से नौकरी कर रहे हैं। बबली यादव की चचेरी देवरानी लता यादव बनारस के कस्तूरबा विद्यालय में राजाबेटी के नाम से नौकरी कर रही है।
इसी तरह से बबली के रिश्तेदारों में सरिता यादव, आरती यादव समेत पांच लोग फर्जी ढंग से नौकरी कर रहे हैं। सिहुंआभीरा गांव की शीला ने पुलिस को बताया कि उसकी नौकरी बबली की ननद शिवानी ने बड़ौद बागपत स्थित कस्तूरबा विद्यालय में लगवाई थी। जब अनामिका शुक्ला के नाम पर खाता खुलवाने के लिए कहा गया तो उसे फर्जीवाड़े का शक हो गया था और उसने नौकरी से इसी 12 मार्च को इस्तीफा भेज दिया था। शीला ने रसूलाबाद पुलिस को इस बारे में जानकारी दी है।
रसूलाबाद पुलिस ने अलीगढ़ पुलिस को भी इसकी जानकारी दे दी है। थाना प्रभारी तुलसीराम पांडेय ने बताया कि मामले में अलीगढ़ पुलिस विवेचना कर रही है। वह इन तथ्यों को भी विवेचना में शामिल कर अन्य लोगों को गिरफ्तार करेगी।