पुलिस गिरफ्त में दोहरे हत्याकांड का आरोपी रामेंद्र पाल।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात/राजपुर। निर्बरी घाट के दोहरे हत्याकांड में एक और आरोपी को पुलिस ने बुधवार रात गिरफ्तार करने का दावा किया है। इस पर 25 हजार का इनाम घोषित था। आरोपी के पास से उसके वारदात में प्रयुक्त स्कार्पियो भी मिली है। चर्चा यह है कि पुलिस ने उसे दो दिन पहले पकड़ लिया था।
निर्बरी घाट पर वर्चस्व को लेकर हुई गोलीबारी में सट्टी के गुलरेज (35) व दूसरे पक्ष से जामू बिधनू कानपुर नगर के सेवानिवृत्त फौजी ज्ञानेंद्र (45) की मौत हो गई थी। एसपी ने घटना के मुख्य आरोपी आगरा के मनोज चौहान उर्फ मनोज यादव पर 25 हजार का इनाम घोषित किया था। हालांकि, मनोज मैनपुरी में अवैध शस्त्र रखने में गिरफ्तार होकर जेल चला गया। पुलिस की जांच में मिलानपुर अमराहट के रामेंद्र पाल का नाम सामने आया था।
पुलिस का दावा है कि बुधवार रात दस बजे खासबरा मोड़ से घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो के साथ रामेंद्र को गिरफ्तार किया गया है। एसपी ने रामेंद्र की गिरफ्तारी पर 25 हजार का इनाम घोषित किया था। चर्चा है कि पुलिस ने रामेंद्र को दो जून को हिरासत में लिया था। लंबी पूछताछ के बाद पुलिस ने उसकी लिखापढ़ी में गिरफ्तारी दिखाई है।
मृतक के भाई पर भी इनाम घोषित
निर्बरी घाट पर हुए गोलीकांड में मरे सट्टी के गुलरेज के भाई बिलाल हो हिरासत में लिया था। परिजनों के हंगामा करने पर पुलिस ने उसे छोड़ दिया था। तब परिजनों ने 28 मई की रात दो बजे गुलरेज का अंतिम संस्कार किया था। पुलिस ने बिलाल की दुनाली बंदूक कब्जे में ली थी। अब बिलाल फरार है। एसपी ने बताया कि बिलाल पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इसके पहले गुलरेज के कार चालक सट्टी के काजिम को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।