कानपुर। ग्वालटोली के मछली बाजार निवासी एक व्यापारी के बंद घर का ताला तोड़कर लाखों की चोरी हो गई। शनिवार को गोरखपुर से लौटे व्यापारी ने पड़ोस में रहने वाले दो लोगों पर 20 लाख की चोरी का आरोप लगाते हुए ग्वालटोली थाने में तहरीर दी है। पुलिस जांच में जुटी है।
व्यापारी के मुताबिक 15 मार्च को वह घर पर ताला लगाकर परिवार समेत गोरखपुर एक रिश्तेदार के घर शादी में गए थे। लॉकडाउन होने के चलते वह वहीं फंस गए। शनिवार देर शाम वह परिवार समेत घर लौटे तो मकान का ताला टूटा मिला। आलमारी में रखे रुपए और जेवरात समेत अन्य कीमती सामान गायब हैं। ग्वालटोली थाना प्रभारी विजय कुमार पांडेय ने बताया कि पीड़ित ने जिन दो पड़ोसियों पर आरोप लगाया है, उनसे इनकी मुकदमेबाजी चल रही है। प्राथमिक जांच में चोरी संदिग्ध लग रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।