यूपी में हमीरपुर जिले के राठ कस्बा स्थित पठनऊ मोहल्ले में दोबारा मकानों में दरारें आने से अफरातफरी मची है। दो दिन के अंदर पांच मकानों में दरारें आने से मकान गिरने की आशंका से लोगों में दहशत है। इस बाबत एसडीएम सुरेश कुमार का कहना है कि मकानों में अचानक दरारें कैसे आईं, इसकी जांच कराई जाएगी।
पठनऊ मोहल्ले में 20 सितंबर को कुरेशा पत्नी हामिद, मुन्ना पुत्र रसीदउल्ला, समद खां, बाबू खां, हुसैन, महमूद, अख्तरी आदि के मकानों में दरारें पड़ गईं थी। अचानक कई मकानों में दरारें पड़ने से लोगों में दहशत व्याप्त हो गई थी। अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर मुआयना किया था। परंतु दो माह बीतने के बाद भी मकानों में दरार आने की वजह का पता नहीं चल सका है।
शुक्रवार को फिर उसी इलाके में रहने वाले इदरीश, रहूफ, इमामबाड़ा सहित पांच मकानों में फिर से दरारें आ गईं। मोहल्ले के अधिवक्ता लतीफ उल्ला ने बताया कि तीन दिन पहले मकानों में दरारें आना शुरू हो गई थीं। यह दरारें बड़ी हो गई हैं, जिससे लोगों को मकान गिरने का अंदेशा बना हुआ है।