अकबरपुर में दुकान से पटाखे खरीदते लोग।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। पटाखा बिक्री के लिए जिले की सभी छह तहसीलों को मिलाकर कुल 151 लाइसेंस जारी किए गए हैं। सबसे अधिक अकबरपुर तहसील में 52 लाइसेंस दिए गए हैं। डेरापुर में 35 लोगों को पटाखा बिक्री की अनुमति दी गई है। लाइसेंस की शर्तों का अनुपालन कराने के लिए पुलिस व अग्निशमन विभाग के जवान पटाखा बाजार में मुस्तैद रहेंगे। यदि शर्तों का अनुपालन नहीं किया गया तो लाइसेंस निरस्त करने साथ दुकानदार पर कार्रवाई की जाएगी।
पटाखा बाजार आबादी से दूर रहेगा। वहां आग से बचाव के पूरे इंतजाम रखने होंगे। इसमें पानी के साथ बालू, फायर उपकरण रखना अनिवार्य है। साथ ही बाजार के आसपास कोई भी ज्वलनशील पदार्थ लेकर जाना पूरी तरह से मना है। बाजार का रास्ता खुला रहेगा। आसपास कोई पार्किंग नहीं की जाएगी। प्रत्येक तहसील स्तर पर एसडीएम ने पटाखा बिक्री के लाइसेंस जारी किए हैं। अकबरपुर तहसील में गजनेर, रूरा, व अकबरपुर, रनियां को मिलाकर कुल 52 लाइसेंस दिए गए है। इसी तरह से डेरापुर में 35, रसूलाबाद में 18, मैथा में 17, भोगनीपुर में 16, सिकंदरा में 13 लाइसेंस जारी किए गए हैं। इन लाइसेंसों की वैधता जारी होने के बाद तीन दिन है। इसके बाद इनका उपयोग अवैध माना जाएगा।
शुक्रवार को पटाखा की खरीद को लेकर दुकानों में पूरे दिन भीड़ लगी रही। दुकानदारों ने मौके का फायदा उठाकर मनमाने दाम में आतिशबाजी की बिक्री की। एसपी केशव कुमार चौधरी ने बताया कि प्रत्येक थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वह पटाखा बाजार में नजर रखेंगे। लाइसेंस की शर्तों का अनुपालन कराएंगे। अग्निशमन अधिकारी टीम के साथ सक्रिय रहेंगे।