पुखरायां (कानपुर देहात)। कोविड-19 के तहत जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र और पुलिस अधीक्षक केशव कुमार चौधरी ने कस्बे में भ्रमण कर मास्क लगाने और सामाजिक दूरी में रहने की लोगों की हिदायत दी। बिना मास्क लगाए सब्जी दुकानदार से जुर्माना वसूला। प्रचार-प्रसार भी कराया गया। इस दौरान मास्क लगाए 10 साल की बालिका को 20 रुपये का पुरस्कार दिया।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने शनिवार को कस्बे में गश्त किया। साप्ताहिक बाजार होने के कारण बाजार में भीड़ होने से लोगों को लाउडस्पीकर से कोविड-19 के नियमों का पालन करने की चेतावनी दी। बताया कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए मास्क लगाना और सामाजिक दूरी बनाकर रखना अनिवार्य है। उन्होंने दुकानदारों को भी चेतावनी दी। वहीं सब्जी दुकानदार मुकेश को बिना मास्क लगाए और पॉलिथीन रखे देखकर नाराजगी जताते हुए 100 रुपये का जुर्माना किया। आजाद नगर निवासी दस साल की बिटिया पारूल को मास्क लगाए देखकर डीएम मुस्कराने लगे। उसे पास बुलाकर 20 रुपये पुरस्कार स्वरूप दिए।
उन्होंने कहा कि लोगों को इस नन्ही बच्ची से सीख लेनी चाहिए। शराब ठेकों में पहुंचकर निरीक्षण किया। पटेल चौक स्थित शराब ठेके के पास गंदगी मिलने और सेल्समैन के मास्क न लगाए होने पर आबकारी अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए। बढ़ौली मोड़, मंडी मोड़ स्थित शराब ठेकों में पहुंच कर जांच की। एसडीएम दीपाली भार्गव और सीओ प्रभात कुमार, कोतवाल धर्मेंद्र सिंह, चौकी इंचार्ज अतुल गौतम पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।