कल्याणपुर में जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार कर एक महिला से 21 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर कल्याणपुर पुलिस ने आरोपी दंपती के खिलाफ धोखाधड़ी व जालसाजी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। कल्याणपुर के इंद्रानगर गुप्ता सोसाइटी निवासी मेघना सिंह पत्नी अमन जोत सिंह सोनी ने पुलिस कमिश्नर को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनके पति के पूर्व परिचित विकास हर्ष निवासी विकास नगर और उसकी पत्नी नेहा वर्मा ने अक्टूबर 2023 में उनसे 14 लाख रुपये उधार लिए थे।
मई 2024 में लगभग चार लाख रुपये नकद भी दिए गए। आरोप है कि जून 2024 के पहले सप्ताह में रुपये लौटाने के बजाय आरोपियों ने साजिश के तहत अपनी संपत्ति का हिस्सा 36 लाख रुपये में बेचने का प्रस्ताव रखकर चार जून 2024 को उपनिबंधक कार्यालय में विक्रय अनुबंध करा दिया। केवल तीन लाख रुपये अग्रिम दिखाए गए जबकि पीड़िता का कहना है कि कुल 21 लाख रुपये पहले ही दिए जा चुके थे और शेष रकम बैनामे में दिखाने का भरोसा दिलाया गया था। जानकारी करने पर पता चला कि संपत्ति आठ दिसंबर 2023 को स्वाती परसाई के पक्ष में 40 लाख रुपये में अनुबंधित की जा चुकी थी। एसीपी कल्याणपुर आशुतोष कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।