कानपुर। कर्नलगंज थाना क्षेत्र के मकराबर्टगंज में घर के सामने मसाला थूकने के विरोध में आरोपी ने दंपती को पीट दिया। महिला का आरोप है कि वह उनका मंगलसूत्र लूटकर भाग निकला। पुलिस के सुनवाई न करने पर पीड़िता ने न्यायालय में गुहार लगाई। इसके बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। मकराबर्टगंज निवासी गंगासागर की पत्नी नीलम ने दर्ज रिपोर्ट में आरोप लगाया कि उनके घर के सामने काफी सकरा रास्ता है। पड़ोसी राजमन और उनका साला बऊवा बाइक खड़ी कर रास्ता बंद कर देते हैं। 28 जनवरी की सुबह घर के सामने राजमन ने मसाला खाकर थूक दिया। विरोध करने पर आरोपी और उसकी पत्नी रंजना व बउवा ने गालीगलौज कर मारपीट कर दी। पति गंगासागर को भी पीटा। कर्नलगंज इंस्पेक्टर विनीत कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। (संवाद)