इटावा। नेता जी मुलायम सिंह यादव की तीसरी पुण्य तिथि पर सैफई में बन रहे निर्माणाधीन नेता जी मेमोरियल के परिसर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इसमें सैफई परिवार एकजुट दिखा। मंच पर आने से पहले सभी ने अंत्येष्टि स्थल पर लगी नेता जी की मूर्ति पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए नमन किया। कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने प्रदेश भर से आए कार्यकर्ताओं को नेता जी सिद्धांतों पर चलने का संकल्प दिलाया। साथ ही पीडीए के लिए लड़ाई जारी रखने का मंत्र दिया।
शुक्रवार सुबह लगभग सवा 10 बजे सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव, प्रो. रामगोपाल यादव, शिवपाल सिंह यादव, धर्मेंद्र यादव, करहल विधायक तेज प्रताप यादव, बदायूं सांसद आदित्य यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष अभिषेक यादव, चाचा अभयराम यादव समेत पूरे परिवार के साथ नेता जी के अंत्येष्टि स्थल पर पहुंचे। यहां पुष्प अर्पित करके नेता जी को सभी ने श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद लगभग साढ़े दस बजे अखिलेश यादव समेत सभी लोग नेता जी मेमोरियल के परिसर में बने मंच पर पहुंचे। अखिलेश के पहुंचते ही सुबह से आए कार्यकर्ता नेता जी अमर रहें, अखिलेश यादव जिंदाबाद के नारे लगाने लगे। उनके साथ मंच पर आगरा सांसद रामजी लाल सुमन भी मौजूद रहे। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने सपा और नेता जी से जुड़े गाने व शायरियां प्रस्तुत कीं। अखिलेश यादव को मंच पर बैठे देख कई युवाओं ने मंच पर चढ़ने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें उतार दिया। कई युवा टेंट के ऊपर चढ़कर बैठ गए। पीडीए लिखी टी शर्ट पहनकर भी कुछ युवा टेंट के ऊपर चढ़कर बैठे रहे। इस बीच लगभग 11 बजे सांसद डिंपल यादव, बेटी अदिति यादव, शिवपाल सिंह यादव की पत्नी सरला यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष अभिषेक की मां व पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमलता यादव समेत परिवार की सभी महिलाओं को लेकर पहले अंत्येष्टि स्थल पहुंचीं और फिर इसके बाद मंच पर पहुंचीं। कार्यक्रम में अयोध्या से सांसद अवधेश प्रसाद भी पहुंचे। उन्हें धर्मेंद्र ने अपनी कुर्सी छोड़कर दी। इसके बाद अखिलेश यादव ने पत्रकार वार्ता करके सभी समाजवादियों को नेता जी के बताए सिद्धांतों पर चलने का आह्वान किया। अंत में कार्यकर्ताओं का अभिवादन करने के साथ कार्यक्रम का समापन हो गया।
एक तरफ चाचा प्रो. रामगोपाल तो दूसरी तरफ आगरा सांसद को मिली जगह
शुक्रवार को नेता की पुण्यतिथि पर हुए कार्यक्रम में परिवार के नेताओं के साथ ही जिले के पुराने व मुलायम सिंह के करीबी रहे नेताओं को भी स्थान दिया गया। लगभग 50 लोग मंच पर मौजूद रहे। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की बाईं तरफ अखिलेश के चाचा और प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव को स्थान मिला हुआ था। वहीं दाईं ओर की कुर्सी पर आगरा सांसद रामजी लाल सुमन को स्थान दिया गया था। इसके बाद शिवपाल सिंह यादव बैठे थे। मंच पर प्रमुख रूप से पूर्व राज्य मंत्री रामसेवक यादव, दिबियापुर विधायक प्रदीप यादव, पूर्व एमएलसी मिनी राम नरेश यादव, पूर्व मंत्री अशोक यादव, जिलाध्यक्ष प्रदीप शाक्य, जिला महामंत्री वीरू भदौरिया, सदर विस के पूर्व प्रत्याशी सर्वेश शाक्य, पप्पन सिंधी समेत कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सांसद, विधायक मौजूद रहे।
पिता की तरह गमछा डालकर पहुंचीं अदिति
नेता जी के निधन के बाद मैनपुरी में हुए उपचुनाव में डिंपल यादव के लिए सक्रिय दिखीं अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव भी शुक्रवार को पुण्यतिथि के कार्यक्रम में मंच पर दिखाईं दीं। वह कार्यक्रम के बीच में मां डिंपल के व घर की अन्य महिलाओं के साथ आईं, उनका अंदाज पिता अखिलेश यादव की तरह दिखाई दे रहा था। गले में लाल गमछा डालकर आईं अदिति मंच पर दूसरी पंक्ति में तेज प्रताप यादव और आदित्य के पास बैठीं नजर आईं।
पौधा लेकर आया कार्यकर्ता बेहोश...अखिलेश ने मंच पर बुलाकर हाल पूछा
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा प्रदेश के कई जिलों से साइकिल चलाकर पहुंचे थे। वह अखिलेश यादव से मिलने के लिए परेशान नजर आए। एक युवा मंच पर उछलकर चढ़ गया। हालांकि सुरक्षा कर्मियों ने उसे अखिलेश तक नहीं जाने दिया। वहीं जौनपुर से आए बुजुर्ग कार्यकर्ता अखिलेश को एक पौधा भेंट करने के लिए लाए थे। इस बीच वह गश खाकर मंच के पास गिर गए। यह देख सुरक्षाकर्मियों ने पानी छिड़ककर उन्हें उठाया। इसके बाद अखिलेश ने उन्हें अपने पास बुलाकर हाल लिए। पानी की बोतल देकर कहा कि आप सभी पुराने कार्यकर्ता हमारी रीढ़ हैं, इसलिए अपना ध्यान रखिए।