सामान्य रोगी की तुलना में कोरोना संक्रमित का इलाज करने में निजी अस्पतालों का छह गुना अधिक खर्च आ रहा है। बताया जा रहा है कि इसी वजह से निजी अस्पताल कोरोना रोगियों को भर्ती करने के लिए तैयार नहीं हो रहे हैं।
हालांकि प्रशासन की बैठकों में नर्सिंगहोमों से लगातार कोविड रोगियों का इलाज शुरू करने के लिए कहा जा रहा है। शासन स्तर पर भी निजी क्षेत्र के डॉक्टरों से इस संबंध में सहयोग की अपेक्षा की जाती है। निजी क्षेत्र के अस्पताल संचालकों का कहना है कि संसाधनों पर खर्च करने के साथ ही डॉक्टरों और पैरा मेडिकल स्टाफ को अतिरिक्त कोविड सर्विस चार्ज देना पड़ता है।
कानपुर नर्सिंगहोम एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. एमके सरावगी का कहना है कि स्टाफ की ड्यूटी तीन चरणों में होती है। हर शिफ्ट के स्टाफ को पीपीई किट देनी पड़ती है। पीपीई किट आठ सौ से हजार रुपये के बीच होती है।
एक बार इस्तेमाल होने के बाद इसे फेंक दिया जाता है। इसके साथ ही रोगी को हर बार छूने पर ग्लब्ज और एन-95 मॉक्स देने पड़ते हैं। संक्रमण से बचाव को केमिकल का छिड़काव कराया जाता है। इससे खर्च छह से सात गुना बढ़ जाता है। स्टाफ को अतिरिक्त इंसेंटिव देना होता है।