कानपुर के अलग-अलग थानाक्षेत्रों में 24 घंटे के अंदर मिले पांच लावारिस शवों को बिना कोरोना टेस्ट के पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया गया। इससे पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर और कर्मचारी दहशत में हैं।
24 घंटे के अंदर पुलिस को कचहरी परिसर में 75 साल के बुजुर्ग, जाजमऊ दरगाह शरीफ के पास अधेड़ (55), परमट घाट के पास गंगा में युवक, महाराजपुर यूपीएसआईडीसी इंडस्ट्रियल एरिया में हाईवे के सामने वृद्धा व नौ नंबर क्रॉसिंग के सामने 45 वर्षीय अधेड़ का शव मिला था।
पुलिस ने बिना कोरोना टेस्ट करवाए शवों को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। इस पर कर्मचारियों के आपत्ति जताने पर भी पुलिस कर्मियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी। कर्मचारियों को डर है कि अगर किसी की भी कोरोना से मौत हुई होगी तो उनकी जान पर भी बन आएगी।
प्रवासी मजदूर का शव होने की आशंका
चकेरी में एचएएल कैंपस के सामने हाईवे पर गुरुवार रात मिले युवक के शव की पहचान नहीं हो सकी। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि युवक प्रवासी मजदूर हो सकता है। हालांकि कोरोना संक्रमित मानकर पुलिस ने मेडिकल टीम की मदद से उसका सैंपल जांच के लिए भिजवाया है।