कानपुर देहात के संदलपुर में छह दिन पहले सूरत, गुजरात से घर लौटी गर्भवती महिला की शनिवार को मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मंगलपुर क्षेत्र के गढ़िया सिंकदरा गांव निवासी तारबाबू गर्भवती पत्नी रचना (24) समेत गांव के 17 लोगों के साथ सूरत से छह दिन पहले घर लौटा था।
उसने बताया कि सभी सूरत में प्राइवेट नौकरी करते थे। लॉकडॉउन में वह वहीं फंस गए थे। मौका मिलते ही तारबाबू पत्नी व अन्य के साथ ट्रक से गांव पहुंचा था। शनिवार रात अचानक रचना की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे हवासपुर सीएचसी ले गए। वहां डॉ. गुरफान ने प्राथमिक उपचार के बाद रचना को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जब परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, तो डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। प्रधान गायत्री देवी ने बताया कि सूरत से लौटे 15 लोगों का परीक्षण कराकर क्वारंटीन कराया गया। जबकि, दंपति ने स्वास्थ्य की जांच कराने से इंकार कर दिया था। थाना प्रभारी शिवकुमार राठौर ने बताया कि रचना की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।