कानपुर- कोरोना पॉजिटिव आने वालों की संख्या गुणात्मक है लेकिन इसके बीच हर्ड इम्युनिटी (सामूहिक प्रतिरोधक क्षमता) के संकेत भी मजबूती से दिखने लगे हैं। कोरोना संक्रमित लोगों मेें एंटी बॉडीज (रोग प्रतिकारक) जल्दी विकसित हो रही हैं। इससे राहत की बात यह है कि कोरोना यहां अधिक घातक, जानलेवा साबित नहीं हो पाएगा।
अभी तक मिले 74 रोगियों में 73 में कोरोना संक्रमण लेवल-वन पर ही है। किसी भी रोगी को वेंटिलेटर की जरूरत नहीं पड़ी। सिर्फ एक कोरोना संक्रमित रोगी की मौत हुई है। उसका भी कारण रीनल फेल्योर, हार्ट, क्रोनिक डायबिटीज रही है।
कोरोना के अभी तक सात रोगी पॉजिटिव से निगेटिव हुए हैं। ये 14 दिन अस्पताल में रहे लेकिन इनके शरीर में वायरस लोड बिल्कुल नहीं बढ़ा। संक्रमण जिस स्तर पर था, उतने पर ही रहा। इसके अलावा सीएचसी सरसौल में भर्ती 21 लोगों की दूसरी रिपोर्ट अभी नहीं आई है लेकिन उनका संक्रमण लेवल भी अभी एक पर ही है।
कुली बाजार, मछरिया, जाजमऊ अशरफाबाद के कोरोना संक्रमित अभी तक एसिम्प्टोमैटिक हैं। इसका मतलब है कि उनमेें कोरोना के लक्षण नहीं उभरे हैं। इससे एक बात और भी स्पष्ट हो रही है कि जिस तरह धड़ाधड़ कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं, उससे हर्ड इम्युनिटी विकसित हो जाती है।