कानपुर में पकड़े गए तब्लीगी जमात के आठ विदेशी जमाती 28 अप्रैल तक क्वारंटीन रहेंगे। इन जमातियों पर विदेशी और महामारी अधिनियम के उल्लंघन समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज है। वहीं शहर में ही पकड़े गए देश के भीतर के 111 जमातियों को उनके घर भेजा जाएगा। ये लोग अपने घरों में ही 14 दिन और क्वारंटीन रहेंगे।
हालांकि इन्हें इनके घर कैसे भेजा जाएगा, इस पर अभी निर्णय नहीं हो सका है। इस बीच चौबेपुर के विद्या भवन कॉलेज ऑफ फार्मेसी में अस्थायी जेल बना ली गई है। क्वारंटीन के बाद विदेशी जमातियों को यहां रखा जा सकता है।
एक अप्रैल को शहर में 119 जमाती पकड़े गए थे। इनमें 20 से अधिक ऐसे जमाती हैं, जो दिल्ली निजामुद्दीन मरकज में शामिल थे। आठ विदेशी जमाती हैं। इनमें चार अफगानी, तीन ईरानी और एक यूके का है।
डीआईजी अनंत देव ने बताया कि विदेशी जमातियों के क्वारंटीन का पहला फेज (14 दिन का) पूरा हो गया, लेकिन सीएमओ के निर्देश पर सभी को 14 दिन और क्वारंटीन में रखा जाएगा। इसके बाद ही निर्णय होगा कि इन्हें जेल भेजना है या कोई और कार्रवाई होगी।