कानपुर में कोरोना संकट की शुरुआत से ही पॉजिटिव मरीजों की संख्या बताने में घालमेल चल रहा है। ये आंकड़े तीन स्तर से जारी हो रहे हैं। लेकिन इनमें कभी भी समानता नहीं होती। स्वास्थ्य विभाग भी आंकड़े स्पष्ट करने में कोताही बरतता आ रहा है।
इससे प्रांतीय स्तर पर सात, अपर निदेशक स्तर पर दो कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या का अंतर है। तीनों स्तर की रिपोर्ट में फर्क को सीएमओ कार्यालय ने शुक्रवार को दुरुस्त कराया है। इसके मुताबिक अब कुल संक्रमितों की संख्या 293 बताई गई है।
सीएमओ के स्तर से कोरोना पॉजिटिव मरीजों के जो आंकड़े जारी हो रहे हैं, वह अपर निदेशक कार्यालय की रिपोर्ट के आंकड़ों से अलग हैं। अधिकारियों का कहना है कि इसे लेकर स्टेट को कई बार सफाई दी गई। साथ ही अपर निदेशक कार्यालय में भी आंकड़े दुरुस्त कराए गए। सीएमओ डॉ. अशोक शुक्ला अपने आंकड़ों को सही बता रहे हैं।