भैरोघाट में अंतिम संस्कार के सामान में बेतहाशा लूट
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर के लाल बंगला बाजार में 1100 के अंत्येष्टि के सामान के 7500 रुपये वसूलने का मामला ठंडा भी नहीं हुआ था। इसी बीच बुधवार को भैरव घाट में भी मनमानी वसूली के मामले पता चले। कोरोना काल में पहली बार भैरव घाट विद्युत शवदाह गृह के बाहर भी अंतिम संस्कार के सामान की चार दुकानें सज गईं हैं।
दुकानदार लोगों से 1100 से लेकर 10,000 तक वसूल रहे हैं। घी भी नकली दे रहे हैं। नगर निगम चुप्पी साधे है। कई लोगों ने नगर आयुक्त से लखनऊ की तरह यहां भी अंतिम संस्कार के सामान के रेट निर्धारित करने की मांग की है।
केस-1
यशोदा नगर निवासी विकास आनंद बुधवार को अपनी मां के पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार कराने के लिए भैरव घाट पहुंचे। घाट के बाहर लगी ठिलिया से अंतिम संस्कार का सामान खरीदा। दुकानदार ने विकास से 6000 रुपये मांगे। लूट का एहसास होने पर विकास ने विरोध किया तो दुकानदार ने गलत हिसाब जुड़ने की बात कहते हुए उन्हें 2200 रुपये देने के लिए कहा और इतने ही रुपये लिए।
केस-2
काकादेव निवासी सुधीर ने भैरोघाट विद्युतशवदाह गृह के बाहर लगी दुकान से अपने कोरोना संक्रमित पिता एसके सिंह के पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार कराने के लिए सामान खरीदा। दुकानदार ने उन्हें एक किलो नकली देशी घी, चंदन की लकड़ी के पांच टुकड़े, रार, शक्कर, हवन सामग्री, तिल, कपूर, शहद और गुलाब जल की शीशी देकर 4200 रुपये ऐंठ लिए, जबकि यह सामान करीब 900 रुपये का बताया गया।