कानपुर मेंं हैलट की मैटरनिटी विंग में शुक्रवार सुबह कोरोना संक्रमित की मौत से गुस्साए तीमारदारों ने जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की। एक कर्मचारी पर ऑक्सीजन के खाली सिलिंडर से हमला कर दिया। प्रतिबंध के बावजूद कोविड अस्पताल की तीसरी मंजिल तक पहुंच गए।
इससे चिकित्सा व्यवस्था प्रभावित हुई। देर रात हैलट की प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ज्योति सक्ेसना की तहरीर पर मृतक के बेटे समेत छह-सात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। हैलट की मैटरनिटी विंग में करीब 100 कोरोना संक्रमित मरीज भर्ती हैं।
अस्पताल की तीसरी मंजिल में 22 अप्रैल से भर्ती बर्रा निवासी श्याम तिवारी की मौत हो गई। इसका पता चलते ही बेटे नवीन समेत अन्य रिश्तेदार भड़क गए और हंगामा करने लगे। बेटे ने आरोप लगाया कि एक दिन पहले तक डॉक्टरों ने उन्हें बताया था कि पिता की हालत में सुधार हो रहा है।
अब अचानक उनकी मौत कैसे हो गई। वहीं मृतक के परिजनों को हंगामा करते देख दूसरे तीमारदार भी उनके समर्थन में आ गए। अस्पताल का शीशा तोड़ दिया। दीवार पर भी सिलिंडर फेंका। फ्लू ओपीडी में मौजूद डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ ने विरोध किया तो उन पर भी आक्रोश जताया। सूचना पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आरबी कमल, ज्योति सक्सेना मौके पर पहुंची। मूकदर्शक बनीं स्वरूप नगर पुलिस पर नाराजगी भी जताई।