फर्रुखाबाद में कोरोना के दो और मरीज बढ़े
- फोटो : अमर उजाला
फर्रुखाबाद में टीवी सीरियल के कलाकार समेत दो प्रवासी लोगों की रिपोर्ट और कोरोना पॉजिटिव आने से हड़कंप मच गया है। जिले में संक्रमितों की संख्या अब 20 पहुंच गई है। दोनों ही युवक मुंबई से लौटे थे। प्रशासन ने इन्हें क्वारंटीन सेंटरों में रखा था। इनमें एक शमसाबाद, तो दूसरा नवाबगंज थाना क्षेत्र का निवासी है।
स्वास्थ्य महकमे की टीमों ने परिजनों से जानकारी हासिल की। दोनों को जसवंतनगर स्थित अस्पताल भेजा गया है। शमसाबाद थाना क्षेत्र के गांव खुड़ना वैद्य निवासी युवक मुंबई में टीवी सीरियल में काम करता है। वह आठ माह पहले मुंबई गया था। 15 मई को ट्रेन से कानपुर पहुंचा। वहां से प्रशासन ने रोडवेज बस से लाकर मिशन अस्पताल में क्वारंटीन कर दिया था।
16 मई को इसका सैंपल हुआ और 19 मई की सुबह इसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके अलावा नवाबगंज थाने के गांव राजारामपुर मेई निवासी युवक मुंबई में सूट सिलाई का काम करता था। वह 15 मई को सुबह मोहम्मदाबाद थाने के नादी वीरपुर के तीन और गांव के ही एक दोस्त संग एक ट्रक से कन्नौज पहुंचा।
सूचना पर उसके पिता तीन बाइकें लेकर कन्नौज पहुंचे। युवक ने पिता से दो बाइकें ले लीं और एक बाइक पर पिता समेत तीनों लोगों को घर भेज दिया। पांचों ने अपने गांव के प्रधान से बात की। उन्होंने बढ़पुर ब्लाक क्षेत्र के हाथीपुर में बने क्वारंटीन सेंटर भेज दिया। वहीं दोनों बाइकें भी खड़ी कर लीं। उसी शाम को उसका सैंपल लिया गया।
19 मई की सुबह उसकी रिपोर्ट पॉजटिव आई, जबकि एक अन्य दोस्त की निगेटिव है। दोनों युवकों को जसवंतनगर अस्पताल भेजा गया है। स्वास्थ्य टीमों ने दोनों युवकों के परिजनों से जानकारी हासिल की। जनपद में पॉजिटिव मरीजों की संख्या 20 हो गई है।
अभी तक जिले के आठ पॉजिटिव मरीजों को तिर्वा मेडिकल कालेज भेजा गया है। अन्य सभी को इटावा के जसवंतनगर स्थित एल-1 अस्पताल में इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है।
डा. राजीव शाक्य, डिप्टी सीएमओ, फर्रुखाबाद