कानपुर में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ रहा है और बैंक हैं कि रोकथाम की व्यवस्था मानने को तैयार नहीं है। शहर के कई हॉटस्पॉट में बैंक शाखाएं लगातार खुल रहीं हैं। सोमवार को भी हॉटस्पॉट एरिया के 250 मीटर के दायरे में कई बैंक शाखाएं खुलीं।
इनमें से कई बैंक शाखाओं के कर्मचारियों ने क्षेेत्रीय कार्यालयों में फोन करके उच्चाधिकारियों से विरोध भी दर्ज कराया। इसके बाद भी इन्हें बंद करने को लेकर कोई आदेश नहीं हुआ। अनलॉक-1 में नई व्यवस्था के मुताबिक हॉटस्पॉट घोषित एरिया में ही बैंक शाखा बंद रखने का आदेश है।
पहले यह दायरा दो किलोमीटर का था। अब इसे घटाकर 500 मीटर और अब 250 मीटर कर दिया गया है। जिला प्रशासन के साथ ही अग्रणी बैंक प्रबंधक की ओर से भी हॉटस्पॉट एरिया में बैंक बंद रखने का आदेश दिया गया है।
बीते दिनों पांडुनगर स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा में एक अधिकारी के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद इस क्षेत्र को हॉटस्पॉट घोषित किया गया था, लेकिन पास में ही खुली सेंट्रल बैंक शाखा में काम चलता रहा था। यही स्थिति फीलखाना थाना क्षेत्र में इलाहाबाद बैंक शाखा के दो कर्मचारियों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद अन्य बैंकों शाखाओं में रही।