बुंदेलखंड और सेंट्रल यूपी में अनलॉक-1 शुरू होते ही कोरोना संक्रमितों के मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कानपुर शहर में शनिवार को एक कोरोना पॉजिटिव मरीज की मौत हो गई। यह शहर की कोरोना से 15वीं मौत थी। कानपुर आसपास 48 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले।
कानपुर शहर में पांच, इटावा में एक सिपाही, सैफई मिनी पीजीआई के संक्रमित स्टेनो की पत्नी और एमआर समेत 10, हरदोई में दो भाई समेत 10, कन्नौज में आठ, फर्रुखाबाद में एक दंपति और भाई-बहन समेत छह, उन्नाव में चार, औरैया में एक किशोरी समेत दो, कानपुर देहात में एक और बुंदेलखंड के जालौन और हमीरपुर में एक-एक कोरोना संक्रमित मिलने से प्रशासनिक अमले में काफी हलचल मची रही।
अधिकतर संक्रमित प्रवासी मजदूर हैं। कानपुर शहर के ग्वालटोली के 55 वर्षीय मरीज की मौत के बाद शनिवार को पॉजिटिव रिपोर्ट आई। इसके साथ ही पांच और लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इनमें दो शक्कर मिल का हाता खलवा, एक ककवन और शिवराजपुर का है, जबकि हैलट में भर्ती फतेहपुर की 35 वर्षीय युवती कोरोना संक्रमित मिली।
अब शहर में संक्रमितों की संख्या 503 हो गई, जिसमें एक्टिव केस 178 हैं, जबकि 15 लोगों की जान चली गई। कानपुर देहात में अहमदाबाद से लौटा प्रवासी संक्रमित मिला। अब जिले में 31 कोरोना पॉजिटिव केस हो गए, जिसमें 30 प्रवासी है। इटावा में फ्रेंड्स कालोनी थाना निवासी एक सिपाही, सैफई के मिनी पीजीआई के संक्रमित स्टेनो की पत्नी और एमआर समेत दस कोरोना संक्रमित मिले।