हरदोई में इंडियन पोस्ट बैंक के सहायक प्रबंधक समेत चार और पॉजिटिव
- फोटो : अमर उजाला
हरदोई जिले में चार और कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। संक्रमित मिले लोगों में इंडियन पोस्ट बैंक के सहायक प्रबंधक भी शामिल हैं। इसके साथ ही जनपद में अब तक संक्रमित मिले लोगों की कुल संख्या 234 हो गई है, जबकि एक्टिव केस 49 हैं। 181 लोग संक्रमित पाए जाने के बाद स्वस्थ्य होकर अपने घर को जा चुके हैं। जनपद में अब तक कोरोना से चार मौतें भी हुई हैं।
बुधवार दोपहर लखनऊ मेडिकल कॉलेज से जारी हुई जांच रिपोर्ट के मुताबिक जनपद के चार लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें इंडियन पोस्ट बैंक के सहायक प्रबंधक (32) भी शामिल हैं। दरअसल इंडियन पोस्ट बैंक के प्रबंधक के भाई बैंक आफ बड़ौदा में लिपिक हैं।
लिपिक को कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद इंडियन पोस्ट बैंक के प्रबंधक ने भी अपनी जांच कराई थी और बीती 29 जून को वह भी संक्रमित पाए गए थे। इस पर इंडियन पोस्ट बैंक के अन्य कर्मचारियों और अधिकारियों की जांच भी कराई गई थी। इसकी रिपोर्ट आने पर सहायक प्रबंधक को पॉजिटिव पाया गया है।
सहायक प्रबंधक शहर में पूजा होटल वाली गली में स्थित एक स्कूल के निकट किराए के मकान में रहते हैं। मूल रूप से वह लखनऊ के रहने वाले हैं। पुलिस लाइन में तैनात सिपाही (28) की कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। मूल रूप से मेरठ के रहने वाले सिपाही का परिवार पिछले चार वर्ष से नई दिल्ली में रह रहा है।