उत्तर प्रदेश के कानपुर में पंजाब नेशनल बैंक की पांडु नगर शाखा के अधिकारी के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद से जिले के बैंक कर्मियों में हड़कंप मच गया है। दरअसल चिंता इस बात को लेकर है कि बैंकों में ग्राहकों से दूरी बना पाना संभव नहीं है। दूरी बना भी ली जाए तो संक्रमण के संवाहक बन रहे तमाम तरह के दस्तावेज और नकदी के लेनदेन को कैसे रोका जाए।
कुछ बैंक संगठनों ने उच्च प्रबंधन के समक्ष बात रखी है कि बैंक में लोगों का कम आना सुनिश्चित किया जाए। फिलहाल खाताधारकों की नकदी न स्वीकार की जाए और जो लोग रुपये निकालना चाहते हैं उन्हें एटीएम से ही रुपये निकालने के लिए बाध्य किया जाए।
पंजाब नेशनल बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन के मंडल सचिव अनिल कुमार मिश्रा ने कहाकि लोगों का शाखाओं में अत्यधिक संख्या में आना संक्रमण के फैलाव का कारण बन सकता है। समय रहते इस पर अंकुश लगना चाहिए। वी बैंकर्स के प्रदेश महामंत्री आशीष मिश्रा ने बताया कि उनके पास दिन भर में 50 फोन सिर्फ यह पूछने के लिए आए कि शाखाओं में ग्राहकों की भीड़ लग रही है।