कानपुर जिला जेल में 12 कैदी कोरोना पॉजिटिव
- फोटो : अमर उजाला
मुंबई रूट पर लोगों की अटैचियां चुराने वाले चोर ने कानपुर जेल में कोरोना फैला दिया। जेल में दो महिलाओं समेत 12 कैदी संक्रमित निकले हैं। जब पुरुष कैदियों की कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग हुई तो संक्रमण की चेन की आखिरी कड़ी इस चोर तक पहुंची। इसके अलावा महिलाओं के संक्रमण स्रोत पटना से निकला है।
एक महिला कैदी पटना की है उसके साथ रहने वाली दूसरी कैदी भी संक्रमित हो गई। संक्रमित कैदियों का इलाज शुरू करने के साथ क्वॉरंटीन कर दिया गया है। सीएमओ डॉ. अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि मंगलवार को जिला जेल में बैरक नंबर 12 के 76 कैदियों के रैंडम सैंपल लिए गए।
इनमें 10 कोरोना संक्रमित निकले। बुधवार को कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग कराई गई तो संक्रमण स्रोत एक अटैची चोर तक निकला। वह ट्रेनों से मुंबई तक जाकर चोरी करता है। 12 मार्च को ही जेल भेजा गया था। बुधवार को बैरक नंबर 23 की 25 महिला कैदियों समेत 105 की सैंपलिंग कराकर जांच कराई गई तो दो महिला कैदी भी पॉजिटिव निकलीं।
संक्रमित सभी कैदियों को अलग क्वॉरंटीन करा दिया गया है। ऑक्सीजन सेच्युरेशन के लिए पल्स आक्सीमीटर आदि उपलब्ध करा दिए गए हैं। डॉ. मिश्रा ने बताया कि चौबेपुर अस्थायी जेल में 80 लोगों की सैंपलिंग कराई गई थी। इनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है।
झकरकटी बस अड्डे पर दो कोरोना संक्रमित मिले
कानपुर में मेजर सलमान खान अंतरराज्यीय बस अड्डे, झकरकटी पर बुधवार को दो यात्री कोरोना संक्रमित मिले। एक मुंबई तो दूसरा गुजरात से आया था। एंटीजन टेस्ट में कोरोना पॉजिटिव आने पर दोनों को हैलट के कोविड वार्ड भेजा गया है।
मंगलवार को नेपाली युवक भी संक्रमित मिला था। दोनों युवक मुंबई व गुजरात से निजी बसों से टाटमिल चौराहा पहुंचे थे। मुंबई से आने वाले युवक को फैजाबाद व गुजरात से आने वाले को नेपाल जाना था। इसलिए दोनों झकरकटी बस अड्डे पर पहुंचे थे। यहां उनकी जांच हुई। एआरएम राजेश सिंह ने बताया कि बस अड्डे पर पुलिस की व्यवस्था न होने से यात्रियों के टेस्ट में परेशानी आ रही है। यात्रियों को मास्क व अन्य सुरक्षात्मक उपाय करने को कहा जा रहा है।
कोरोना से कानपुर देहात के वृद्ध की मौत
कानपुर देहात में बुधवार को कस्बे के शिवाजी नगर निवासी सेवानिवृत्त संग्रह अमीन की कोरोना संक्रमित होने पर कानपुर के हैलट अस्पताल में मौत हो गई। सीएचसी के डॉक्टर के मुताबिक, परिवार के सदस्यों की जांच हो चुकी है, सभी की रिपोर्ट निगेटिव है। जिला
संक्रामक रोग विशेषज्ञ यतींद्र शर्मा ने बताया कि मौत कोरोना से हुई है। रामबाबू कटियार (67) संग्रह अमीन के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उन्हें 12 मार्च को बुखार आ रहा था। परिजन इलाज के लिए हैलट अस्पताल कानपुर ले गए। जांच के बाद कोरोना संक्रमित होने का पता चला।
बेटे शशिकांत ने बताया कि मंगलवार रात उनकी मौत होने की डॉक्टर ने पुष्टि कर दी लेकिन शव देने से इनकार कर दिया। पत्नी शारदा, बेटे शशिकांत, गौरव, सौरव परिजन समेत बिलखते रहे। अमरौधा के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आदित्य सचान बताया कि उच्चाधिकारियों को सूचना दे दी गई है।