कानपुर में कोरोना से बुधवार को 16 रोगियों की मौत दर्ज की गई। 14 लोगों की मौत 24 घंटे के अंदर हुई है, दो की मौत देर से पोर्टल पर अपडेट की गई है। रिकार्ड 1982 नए संक्रमित मिले हैं। कोरोना संक्रमित 11 रोगियों की मौत हैलट में हुई है और पांच रोगी रामा मेडिकल कॉलेज में मरे हैं।
मरने वालों में कोरोना के गंभीर लक्षण थे। इसके साथ ही ज्यादातर रोगी कोमॉर्बिड भी थे। उन्हें पहले से डायबिटीज, हाईपरटेंशन, गुर्दा रोग आदि दिक्कतें थीं। कोरोना संक्रमण के बाद रोगियों के दोनों फेफड़ों में गंभीर किस्म का निमोनिया हो गया।
इससे सांस तंत्र फेल हुआ और उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके अलावा कई रोगी गंभीर हालत में वेंटिलेटर और बाईपेप पर भरती हैं। अब तक कोरोना से मरने वालों की संख्या 1019 हो गई है। इसके साथ ही कोरोना से अब तक 52718 लोग संक्रमित हुए हैं।
इनमें 37 हजार 228 लोग अस्पतालों और होम आइसोलेशन में कोरोना संक्रमण से मुक्त हो गए हैं। बुधवार को 829 और रोगियों ने कोरोना से जंग जीत ली। इनमें 19 अस्पतालों और 810 घरों में इलाज से संक्रमण से मुक्त हो गए। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने कोरोना संदिग्ध 7760 लोगों के सैंपल लिए हैं। इनमें 893 सैंपल विशेष सर्विलांस अभियान और 6867 सैंपल रूटीन में लिए गए।