कोरोना रोगियों का संक्रमण निगेटिव करने में एजीथ्रोमाइसिन दवा बहुत असरदार साबित हो रही है। अभी तक निगेटिव हुए रोगियों में एजीथ्रोमाइसिन के साथ प्रतिदिन दो टेबलेट पैरासीटामॉल और मल्टी विटामिन दी गईं थीं। इसके साथ ही उनको खाना पौष्टिक दिया गया और उनका मूड फ्रेश रखा गया। इससे रोगी 14 दिन के अंदर कोरोना से मुक्ति पाकर घर चले गए।
एनआरआई सिटी से मिले पहले रोगी की दवा डोज में एजीथ्रोमाइसिन शामिल की गई थी। शहर का पहला रोगी 14 दिन के अंदर कोरोना निगेटिव हो गया। इसके बाद यह प्रयोग सरसौल सीएचसी में किया गया। यहां 19 रोगी 14 दिन के अंदर एजीथ्रोमाइसिन के फार्मूले से निगेटिव हो गए। कोरोना संक्रमित इन रोगियों में किसी दूसरी बीमारी के लक्षण भी नहीं उभरे। इनका खानपान सामान्य रहा। इसके साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग और क्वारंटीन का पूरा एहतियात बरता गया।
इसके अलावा हैलट में आए रोगियों को भी एजीथ्रोमाइसिन दी गई। यहां के 30 कोरोना संक्रमित रोगी अब तक निगेटिव आ चुके हैं। इसके अलावा अभी जो कोरोना पॉजिटिव हैं, उन्हें यह दवा दी जा रही है। सीएचसी सरसौल केे प्रभारी डॉ. एसएल वर्मा का कहना है कि रोगियों को एजीथ्रोमाइसिन के साथ पैरासीटामॉल, मल्टी विटामिन दी गई और उन्हें खुश रखने की कोशिश की गई। इससे अच्छी रिकवरी हुई है।