कानपुर में कोरोना से मरने वाले बर्रा-2 नई बस्ती निवासी विजय कुमार के संपर्क में 57 लोग आए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने सभी के सैंपल लिए हैं। रविवार सुबह उनकी मौत के बाद हॉटस्पॉट में सख्ती बढ़ा दी गई है।
विजय कुमार में कोरोना की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने उनके बेटे, बहू, नाती सहित चार परिजनों और चार किरायेदारों के परिवार के 13 सदस्यों के सैंपल शनिवार को लिए गए थे।
इन्हें पनकी के सेंटर में क्वॉरंटीन किया गया है। रविवार दोपहर में स्वास्थ्य विभाग की टीम दोबारा नई बस्ती पहुंची और विजय के सीधे संपर्क में आने वाले आसपास के 40 लोगों के नमूने लिए। इन्हें होम क्वॉरंटीन किया गया है।
जरूरी सामान को तरसे लोग
हॉटस्पॉट बनने के बाद करीब डेढ़ सौ मीटर के दायरे में बैरिकेडिंग लगाई गई है। इस वजह से करीब 300 घरों के लोग दूसरे दिन भी आवश्यक सामग्री के लिए परेशान हुए। वहीं क्षेत्रीय पार्षद नीतू संजीव मिश्रा ने सफाई कर्मचारियों को ले जाकर यहां सैनिटाइजेशन कराया।