कानपुर देहात। कोविड वैक्सीनेशन में अब अव्यवस्थाएं हावी होने लगी हैं। शुक्रवार को जिला अस्पताल में सिर्फ एक काउंटर लगाए जाने से पुलिस कर्मियों को घंटों इंतजार करना पड़ा। शाम को पहुंचे एसपी ने वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाई। सीएमओ ने वैक्सीनेशन काउंटर बढ़वाने की बात कही है।
जिला अस्पताल, अकबरपुर समेत सभी दस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर हर रोज नियमित टीकाकरण करने के निर्देश हैं। शुक्रवार को 500 पुलिस कर्मियों को वैक्सीन की दूसरी डोज लगाई जानी थी। जिला अस्पताल में चार काउंटर लगाने के निर्देश थे, लेकिन सिर्फ एक काउंटर लग सका। पुलिस व पीएसी के जवान घंटों इंतजार करते नजर आए।
कई जवान जल्दबाजी मेें बिना डोज लगवाए लौटने को मजबूर हुए। शाम को एसपी केके चौधरी ने जिला अस्पताल में वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाई। सीएमओ डॉ. राजेश कटियार ने बताया कि पुलिस कर्मियों के वैक्सीनेशन को चार काउंटर लगाने का पत्र सीएमएस को भेजा गया था। आगे कोई दिक्कत न हो, इसके लिए और वैक्सीनेशन काउंटर लगवाए जाएंगे।
टीकाकरण के लिए ओपीडी में भटकीं महिलाएं
कानपुर देहात। जिला अस्पताल महिला की दोनों एएनएम की डयूटी कोविड वैक्सीनेशन में लगाने से शुक्रवार को ओपीडी मेें महिलाओं का नियमित टीकाकरण बाधित रहा। इसके चलते कई महिलाएं बिना टीका लगवाए ही बैरंग लौटने को मजबूर रही।
अकबरपुर जिला महिला अस्पताल/मैटरनिटी विंग की ओपीडी में प्रसव पूर्व व बाद महिलाओं व नवजात बच्चों मेें टीकाकरण के लिए एएनएम संगीता श्रीवास्तव व संगीता साहू की तैनाती है। यहां पर महिलाओं व बच्चों को टीका लगाया जाता है। लेकिन दोनों एएनएम की हर रोज कोविड वैक्सीनेशन में ड्यूटी लगा दी जाती है। शुक्रवार को भी दोनों एएनएम महिला अस्पताल के पुराने भवन में कोविड वैक्सीनेशन मेें लगी रही। मैटरनिटी विंग की ओपीडी में बना टीकाकरण कक्ष बंद रहा।
दूरदराज क्षेत्र से पहुंचने वाली महिलाएं व बच्चे इंतजार करने के बाद वापस लौटने को मजबूर रहे। महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. शुभ्रा मिश्रा ने बताया कि पुरुष व महिला अस्पताल का संयुक्त रूप से वैक्सीनेशन किया जा रहा है। सीएमओ व पुरुष अस्पताल के सीएमएस की ओर से एएनएम की तैनाती नहीं की गई है। महिला अस्पताल की दोनों एएनएम की बारी-बारी से डयूटी लगाई जाती है।
दो एएनएम की बार-बार डयूटी लगाना गलत है। वैक्सीनेशन के लिए स्टाफ नर्स, फार्मासिस्ट की ड्यूटी भी लगाई जा सकती है। महिला सीएमएस को इस बाबत पत्र भेजा जाएगा।
डॉ. राजेश कटियार (सीएमओ)
जिला अस्पताल पुरुष के वैक्सीनेटर कक्ष में पुलिस कर्मियों की लगी भीड़।- फोटो : AKBARPUR