पुलिस लाइन में जवान को कोविड वैक्सीन लगाती बीएचडब्ल्यू मौजूद डॉ.आईएच खान।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। जिले के अलग अलग अस्पतालों में बने 21 बूथों पर 2041 के सापेक्ष 1531 लोगों ने टीकाकरण कराया। पुलिस लाइन के तीन बूथ पर 239 ने कोरोना वैक्सीन की डोज लगवाई। झींझक में सबसे ज्यादा 99 प्रतिशत लोगों ने टीकाकरण कराया।
गुरुवार को 2041 पुलिस कर्मी व फ्रंट लाइन वर्करों को कोरोना की वैक्सीन लगानी थी। इसके लिए जिले के अस्पतालों के 21 बूथ लगाए गए थे। सुबह दस बजे से वैक्सीनेशन शुरू किया गया। पुलिस लाइन में भी तीन बूथ लगाए गए थे। वहां 435 के सापेक्ष 239 लोगों ने वैक्सीनेशन कराया। झींझक में 99 व हावासपुर सीएचसी में करीब 92 प्रतिशत सबसे ज्यादा वैक्सीनेशन हुआ।
जिले में 2041 के सापेक्ष 1531 का टीकाकरण हो सका। नोडल अफसर डॉ. महेंद्र जतारया ने बताया कि जिले में 75 प्रतिशत वैक्सीनेशन हुआ है। शुक्रवार को भी टीकाकरण किया जाएगा।
टीका लगवाकर लौट रहे पुलिस कर्मी को मारी टक्कर
रसूलाबाद। कोरोना वैक्सीनेशन के लिए थाने में तैनात आरक्षी बृजेश व होमगार्ड रामविलास चतुर्वेदी सीएचसी पहुंचे। वहां टीकाकरण के बाद थाने लौटते समय चौराहे पर कार ने टक्कर मार दी। दोनों घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां डॉ. अजीत वर्मा प्राथमिक उपचार के बाद बृजेश को कानपुर हैलट रेफर कर दिया। बाइक सवार हेलमेट लगाए थे।