कानपुर देहात में नोएडा से आए कोरोना संदिग्ध की हालत बिगड़ने पर शनिवार को उसे कानपुर के आईडीएच अस्पताल रेफर किया गया। इससे पहले जिला अस्पताल में उसका सैंपल लेकर परीक्षण के लिए भेजा गया है।
सिकंदरा क्षेत्र के एक गांव निवासी 32 वर्षीय युवक नोएडा मेें रहकर बिजली उपकरण की मरम्मत का काम करता है। लॉकडाउन के चलते शुक्रवार को वह किसी तरह घर पहुंचा। जुकाम और बुखार होने पर उसे जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया।
जहां शनिवार को उसकी हालत बिगड़ गई। डॉ. अवधेश कटियार ने बताया कि युवक में कोरोना जैसे लक्षण मिले हैं। चिकनपॉक्स की भी पुष्टि हुई है। संदिग्ध होने पर उसे कानपुर के आईडीएच अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं, आइसोलेशन में भर्ती अन्य 15 संदिग्धों की हालत में सुधार है।
192 कोरोना संदिग्धों की रिपोर्ट निगेटिव
संक्रामक रोग विशेषज्ञ डॉ. यतेंद्र शर्मा ने बताया कि जिले से अब तक 281 कोरोना संदिग्धों के सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। इनमें से 192 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। 89 की रिपोर्ट आनी बाकी है। उन्होंने बताया कि जिले में अभी तक एक भी कोरोना पॉजिटिव नहीं मिला है।