कानपुर के बिधनू में तीन साल के एक बच्चे में कोरोना जैसे लक्षण पाए जाने पर हड़कंप मच गया। बच्चा अपने माता-पिता के साथ चार दिन पहले दिल्ली से अपनी ननिहाल आया है। उसे दो सप्ताह से बुखार, खांसी, जुकाम की समस्या थी। शनिवार को परिजन बच्चे को बिधनू सीएचसी ले गए।
यहां डॉक्टरों ने आशंका जताई कि बच्चे में कोरोना जैसे लक्षण हैं। बच्चे को जांच के लिए उर्सला भेजा गया है। कोरोना संदिग्ध बच्चा पाए जाने पर बिधनू सीएचसी के डॉक्टर, आशा, ग्राम प्रधानों और स्वास्थ्य कर्मचारियों ने ग्रामीणों को बचाव और सावधानी बरतने सलाह देनी शुरू कर दी है।
बिधनू के ग्राम पंचायत शिवगंज चौराई के साथ-साथ सभी मजरों में सैनिटाइजर का छिड़काव किया जा रहा है। ग्राम प्रधान गुड्डू बाजपेयी ने बताया कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर जनता कर्फ्यू को सफल बनाने के लिए लाउडस्पीकर द्वारा मुनादी करवाकर ग्रामीणों को घर से बाहर न निकलने की अपील की जा रही है।