कानपुर। जून में कोरोना आक्रामक होता जा रहा है। लगातार पांच दिन से मौतें हो रही हैं। सोमवार रात और मंगलवार दोपहर को दो मौतों के साथ शहर में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 19 पहुंच गया। इसके अलावा 11 और मरीजों में कोरोना की पुष्टि हुई है। शहर में हुई जांचों में फतेहपुर के भी चार मरीज संक्रमित पाए गए हैं। इस तरह कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या अब 559 हो गई है। शहर में कोरोना के एक्टिव केस 201 हैं।
ग्वालटोली के रहने वाले 52 वर्षीय रोगी को सोमवार देर रात हैलट में भर्ती कराया गया था। उन्हें सांस की दिक्कत थी। इसके अलावा हृदय रोग से भी पीड़ित थे। दो घंटे के भीतर उनकी मौत हो गई। बताया गया कि परिजन उन्हें पहले कार्डियोलॉजी ले गए थे। सोमवार को एक निजी लैब से पॉजिटिव रिपोर्ट आने पर हैलट लाया गया था। मंगलवार दोपहर को जूही परमपुरवा की रहने वाली 70 वर्षीय महिला ने भी हैलट में दम तोड़ दिया। उनका साढ़े तीन घंटे करीब उपचार चल पाया। डॉक्टरों का कहना है कि उनकी हालत नाजुक थी। सीएमओ डॉ. अशोक शुक्ला ने बताया कि 11 और रोगी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। ये लक्ष्मीपुरवा, दबौली, मछलीवाला हाता, ग्वालटोली, कैंटोमेंट हॉस्पिटल, बिधनू और किदवईनगर के हैं। पोर्टल पर फतेहपुर के चार रोगी भी अभी शहर में ही दिखाए जा रहे हैं। इन्हें स्थानांतरित करने की प्रक्रिया चल रही है।