कानपुर देहात जिले के पुखरायां कस्बे के एक क्वारंटीन सेंटर के नाराज लोग सड़क पर आकर हंगामा करते हु
- फोटो : PUKHRANYA
पुखरायां (कानपुर देहात)। कस्बा स्थित आरएसजीयू पीजी कॉलेज में बने क्वारंटीन सेंटर में क्वारंटीन किए गए लोगों ने बुधवार की रात घटिया खाना मिलने पर हंगामा किया। गेट खुलते ही सभी लोगों ने खाने के पैकेट फेंक दिए। फिर मुख्य मार्ग पर बैठकर जाम लगा लिया। मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी के समझाने पर सभी लोग क्वारंटीन सेंटर में चले गए। रात का खाना किसी ने नहीं खाया और भूखे पेट सो गए।
कॉलेज के क्वारंटीन सेंटर में बुधवार की देर शाम नगरपालिका कर्मचारी खाना लेकर पहुंचे और गेट खोल कर खाना के डिब्बे रख दिए। क्वारंटीन लोग डिब्बों में घटिया खाना देखकर भड़क गए। लोगों का गुस्सा भांप कर्मचारी वाहन पर बैठकर चले गए। उनके जाते ही क्वारंटीन लोगों ने खाने के डिब्बे गेट के बाहर फेंक दिए।
इसके बाद सड़क पर निकल कर हंगामा शुरू कर दिया। कस्बा के मुख्य मार्ग पर आकर जाम लगा कर नारेबाजी शुरू कर दी। आवागमन रुकने की सूचना पर फोर्स के साथ कस्बा चौकी प्रभारी पहुंचे और हंगामा कर रहे सभी क्वारंटीन सेंटर में रह रहे लोगों समझाया। कहा कि वह उन लोगों की समस्या सुनकर अधिकारियों तक पहुंचाएंगे। तब क्वारंटीन लोगों का गुस्सा थमा और वह सेंटर के अंदर चले गए।
अपनी मर्जी से आए थे क्वारंटीन सेंटर
क्वारंटीन सेंटर में ठहरे लोगों ने बताया कि वह लोग बीमारी से बचने के लिए खुद ही क्वारंटीन होने यहां आए थे। क्वारंटीन हुए 17 दिन हो गए, लेकिन वापस घर नहीं भेजा जा रहा है। क्वारंटीन सेंटर में दोपहर में एक बजे के बाद और देर शाम खाना मिल पाता है। क्वारंटीन सेंटर में बिजली और बिस्तर के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। शिकायत करने पर अनसुना कर दिया जाता है। चौकी प्रभारी अतुल गौतम ने क्वारंटीन लोगों से खाना खाने की अपील की, लेकिन किसी ने नहीं खाया। सभी अपने-अपने कमरे में जाकर सो गए। चौकी प्रभारी ने ईओ नगरपालिका को फोन मिलाया, लेकिन रिसीव नहीं हुआ। चौकी प्रभारी के मुताबिक प्रकरण से अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।