माई सिटी रिपोर्टर कानपुर। अपर इंडिया कोविड वार्ड(जच्चा-बच्चा) में एडमिट कोरोना संक्रमित महिला ने परिजनों से मिलने न दिये जाने की पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्वरूपनगर थाने के जेब्रा पर तैनात दो सिपाही मौके पर पहुंचे। यहां तक कि वो कोविड वार्ड में भी चले गए। जानकारी होने पर थानेदार पहुंचे और फिर मेडिकल टीम से सलाह लेने के बाद दोनों सिपाहियों को क्वारंटीन कराया। स्वरूपनगर इंस्पेक्टर अश्वनी कुमार पांडेय ने बताया कि सोमवार को एक पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना आई कि मरीज से तीमारदारों का मिलने नहीं दिया जा रहा है। ये सूचना अपर इंडिया अस्पताल में भर्ती एक महिला ने दी। सूचना मिलने के बाद दो सिपाही अस्पताल पहुंचे। उसके बाद महिला के पास गए। उससे पूछताछ कर ही रहे थे तभी अस्पताल प्रशासन ने मामले की जानकारी ली और पुलिस अफसरों को वहां बुलाया। तब पता चला कि सूचना देने वाली महिला कोरोना संक्रमित है। उसके परिजन उससे मिलने के लिए अड़े हुए थे। मना करने पर उसने पुलिस को सूचना दे दी। इंस्पेक्टर ने बताया कि एहतियातन सिपाहियों को क्वारंटीन कर दिया गया है। जिससे किसी भी तरह की संक्रमण फैलने की संभावना न रहे।