कानपुर में कोरोना से एक और मौत हो गई। 46 नए संक्रमित मिले। 67 साल के मरीज ने रविवार को नारायणा मेडिकल कॉलेज में दम तोड़ा। लेकिन इसे सोमवार को पोर्टल पर अपडेट किया गया। इसके साथ संक्रमण से मरने वालों की संख्या 812 हो गई।
कुल संक्रमित 31892 और इनमें से 30428 लोग अस्पतालों और होम आइसोलेशन में ठीक हो चुके हैं। सोमवार को पहली बार होम आइसोलेशन में किसी रोगी के ठीक होने की रिपोर्ट सीएमओ कार्यालय ने जारी नहीं की। एक्टिव केस 657 हैं।
नए मिले संक्रमितों में किदवई नगर, दुर्ग विहार, गुजैनी, गोविंद नगर, स्वरूप नगर, नौबस्ता, पनकी, नौघड़ा, केशवपुरम, साकेत नगर, कल्याणपुर शास्त्री नगर आदि इलाकों के रहने वाले हैं। उधर, 43 और मरीज अस्पतालों में स्वस्थ हुए।
अब तक अस्पतालों में 8331 और होम आइसोलेशन में 22092 रोगी ठीक हो चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने 3903 संदिग्धों के सैंपल लिए। इनमें 465 सैंपल विशेष सर्विलांस अभियान और 338 सैंपल रूटीन में लिए गए।
कोरोना के नौ गंभीर रोगी हैलट में भर्ती
कोरोना के नौ रोगियों को अति गंभीर हालत में हैलट के न्यूरो साइंसेज कोविड अस्पताल में भर्ती किया गया है। इनका संक्रमण लेवल थ्री का है। एक साथ इतने रोगी अलग-अलग अस्पतालों से हैलट रेफर किए गए हैं। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आरबी कमल ने बताया कि रोगियों को अस्पताल देर से रेफर करते हैं। इस वक्त कोविड अस्पताल में 45 रोगी भर्ती हैं। दो रोगी माती, एक डेरापुर, एक तिवारीपुर, दो बिल्हौर और बाकी शहर से अस्पतालों से रेफर किए गए हैं।