अमर उजाला फाउंडेशन, स्वास्थ्य विभाग और परिवर्तन संस्था की पहल पर ‘हमें चाहिए कोरोना से आजादी’ मुहिम के तहत अमर उजाला कार्यालय में स्थापित निशुल्क सहायता केंद्र में मंगलवार को सुबह से शाम तक शहरवासियों के फोन आते रहे। इस दौरान लोगों ने संक्रमण को लेकर तमाम जानकारियां हासिल कीं।
एक व्यक्ति ने फोनकर खुद के कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी दी। बताया कि वह बहुत परेशान है और होम आइसोलेशन में इलाज कराना चाहता है। साथ ही यह भी पूछा कि परिजनों को वायरस के संक्रमण से बचाने के लिए क्या करूं? ऐसे तमाम अन्य लोगों ने भी कोरोना को लेकर सवाल पूछे और इलाज के बारे में जानकारी ली।
सहायता केंद्र के हेल्पलाइन नंबर 8800553021 पर फोन करने वालों को स्वास्थ्य विभाग के दिशा-निर्देशों के आधार पर सहायता प्रदान की गई। यह केंद्र हर हफ्ते सोमवार से शनिवार तक सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक सेवाएं देगा। यहां कोई भी शहरवासी फोन कर सहायता प्रतिनिधि से कोरोना से संबंधित सवाल पूछ सकता है। सहायता प्रतिनिधि फोन करने वालों का नाम, नंबर एवं प्रश्न हेल्पडेस्क सॉफ्टवेयर में दर्ज कर टिकट जारी करता है।
इस नंबर के आधार पर फोन करने वाला दोबारा भी जानकारी हासिल कर सकता है। इस सहायता केंद्र से जहां एक तरफ ज्यादा से ज्यादा नागरिकों को कोरोना जांच से संबंधित जानकारी दी जा रही है, वहीं दूसरी ओर होम आइसोलेशन वाले सभी मरीजों को डॉक्टरों एवं काउंसलरों की टीम के माध्यम से उचित परामर्श और काउंसलिंग दी जा रही है।