कानपुर। कोरोना संक्रमण से शुक्रवार को छह और मरीजों की मौतें हो गईं। कोरोना से मरने वालों की संख्या अब 111 हो गई है। वहीं एक ही दिन में रिकॉर्ड 132 संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही शहर में अब तक मिले संक्रमित मरीजों की संख्या 2217 हो गई है। इनमें से 1238 कोरोना से जंग जीतकर घर जा चुके हैं। एक्टिव केस 868 हैं। उधर, मरीज बढ़ने से हैलट के कोविड-19 वार्ड और आईसीयू के सभी बेड फुल हो गए हैं। मरीजों को दूसरे अस्पतालों में भेजा जा रहा है।
कोरोना संक्रमण से लाल कुर्ती कैंट निवासी 62 वर्षीय वृद्ध, बर्रा निवासी 61 वर्षीय वृद्ध, सतरंजी मोहाल निवासी 40 वर्षीय महिला, ढकनापुरवा निवासी 13 वर्षीय किशोरी, रतनलाल नगर निवासी 50 वर्षीय वृद्धा और दबौली निवासी 44 वर्षीय मरीज की मौत हो गई। दबौली के मरीज की मौत घर पर हुई। सीएमओ ने बताया कि इन मरीजों को हाइपरटेंशन, डायबिटीज, सांस लेने में तकलीफ, पेट की दिक्कत, सेप्सिस, निमोनिया आदि बीमारियां थीं। संक्रमित मिले 132 मरीज मेडिकल कॉलेज परिसर, लालकुर्ती कैंट, सहाय नगर, हंसपुरम, फीलखाना, नवाबगंज, परमपुरवा, कृष्णानगर, गांधीग्राम, पनकी, आनंद बाग, चंद्रनगर, रतनलाल नगर, साहब नगर, आरके पुरम, गीता नगर, बारासिरोही, बिल्हौर, बाबूपुरवा, मसवानपुर, रेलवे स्टेशन, श्यामनगर, जरौली, गुजैनी कच्ची बस्ती, साहदुल्लापुर, रामपुरम सफीपुर, राजीव नगर, नेहरू नगर के हैं। इसके अलावा अर्मापुर इस्टेट, एचएएल, घुमनी बाजार फेथफुलगंज, हरबंश मोहाल, गड़रिया मोहाल, काजी खेड़ा, हरजिंदर नगर, कबाड़ी मार्केट, कछियाना, भगवत दास घाट, रायपुरवा, मोती नगर, इंदिरा नगर, फजलगंज, लाल बंगला, विजयनगर काकादेव, पटकापुर, ट्रांसपोर्ट नगर, ग्वालटोली नसीमाबाद, कैनाल रोड, किदवई नगर, कौशलपुरी, एल्डिको गार्डन, स्वरूपनगर आदि मोहल्लों के रहने वाले हैं।