डेरापुर सीएचसी में वैक्सीन खत्म होने से बैरंग लौटते लोग।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के चलते जिले मेें सरकारी व प्राइवेट अस्पतालों में अधिक से अधिक लोगों का वैक्सीनेशन करने के निर्देश हैं। सुबह से ही लोगों की भीड़ वैक्सीनेशन के लिए सरकारी अस्पतालों में पहुंच रही है। लेकिन इन अस्पतालों मेें वैक्सीन खत्म होने का संकट गहरा गया है। शुक्रवार को जिले के दस सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में वैक्सीन खत्म होने से सैंकड़ों लोग मायूस होकर लौटने को मजबूर रहे। कतार में इंतजार कर रहे लोग व्यवस्था को कोसते रहे।
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर ज्यादा कहर बरपा रही है। बचाव के लिए डीएम जेपी सिंह ने स्वास्थ्य विभाग को ज्यादा से ज्यादा लोगों का वैक्सीनेशन किए जाने के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को डेरापुर सीएचसी, नोनारी व बड़ागांव भिक्खी पीएचसी सहित पुखरायां की देवीपुर सीएचसी, अमरौधा, मूसानगर, देवराहट, रुरुगांव व जरसेन पीएचसी में दोपहर के समय ही वैक्सीन खत्म हो गई। यहां आए बड़ी संख्या में लोग घरों को वापस हो गए।
बरौर पीएचसी में वैक्सीन खत्म होने के बाद अमरौधा से वैक्सीन मंगाई गई। लेकिन शाम तक वहां भी वैक्सीन खत्म हो गई। इसके चलते वैक्सीनेशन की उम्मीद लेकर अस्पताल पहुंचने वालों को बैरंग लौटने के लिए मजबूर होना पड़ा। संबंधित अस्पतालों के चिकित्सा प्रभारियों ने वैक्सीन खत्म होने की जानकारी सीएमओ को दी, लेकिन शाम तक कोल्ड चेन से वैक्सीन अस्पतालों में नहीं पहुंच सकी।
टीकाकरण नियमित रूप से जानकारी है। जिले में वैक्सीन की किसी भी दशा में कमीं नहीं आने दी जाएगी। रविवार से सभी स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन उपलब्ध रहेगी।
- जितेंद्र प्रताप सिंह (जिलाधिकारी)
- शनिवार को मंडल स्तर पर लाखों की संख्या में वैक्सीन की डोज आने की संभावना है। वहां से वैक्सीन मिलने के बाद अस्पतालों में उपलब्ध करा दी जाएगी।
- डॉ. राजेश कटियार (सीएमओ)